उत्तर प्रदेश को सर्वोच्च तिलहन एवं खाद्यान्न उत्पादन के लिए 3.0 करोड़ रूपये का कृषि कर्मण पुरस्कार

उत्तर प्रदेश की ओर से कृषि मंत्री, श्री सूर्य प्रताप शाही ने लिया  कृषि कर्मण पुरस्कार


      उत्तर प्रदेश राज्य द्वारा कृषि क्षेत्र के अन्तर्गत तिलहन एवं खाद्यान्न उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने एवं उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने पर प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज प्रदेश के कृषि मंत्री, श्री सूर्य प्रताप शाही को 3.0 करोड़ रूपये का कृषि कर्मण पुरस्कार, ट्राॅफी एवं प्रशस्ति पत्र दिया गया। तिलहन उत्पादन श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुये पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश को 2.00 करोड़ रूपये, जबकि कुल खाद्यान्न उत्पादन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने पर 1.00 करोड़ रूपये का कृषि कर्मण पुरस्कार दिया।

      श्री शाही ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिये यह गौरव का क्षण है, जो प्रदेश के किसानों के कठोर परिश्रम का नतीजा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री, श्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में किसानों के हितार्थ चलायी जा रही योजनाओं एवं लिये गये निर्णयों को किसानों के बीच पहुँचाने में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कड़ी मेहनत से भी यह सम्भव हो पाया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिये किसानों के कठोर परिश्रम एवं कृषि विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की कड़ी मेहनत की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उन्हें बधाई दी।

      कृषि मंत्री ने कहा कि मुझे आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि कुल खाद्यान्न उत्पादन श्रेणी में हम अगले वर्ष प्रथम स्थान प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसानों को नवीन तकनीकी जानकारी मुहैया करायी जाये। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग से किसानों को मिलने वाले सभी सुविधायें एवं अनुदान समय से उपलब्ध करायें और उत्पादन-उत्पादकता को 10 प्रतिशत से अधिक बढ़ाकर लक्ष्य प्राप्त करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान अदा करें। इस अवसर पर प्रमुख सचिव कृषि, श्री अमित मोहन प्रसाद भी उपस्थित रहे।

 

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ब्राह्मण वंशावली

मिर्च की फसल में पत्ती मरोड़ रोग व निदान

ब्रिटिश काल में भारत में किसानों की दशा