उत्तर प्रदेश के 27 जिलों में अलर्ट

 


लखनऊ, उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने से उत्तर प्रदेश में भी गंगा नदी में बाढ़ आने के साथ तबाही की आशंका पर उत्तर प्रदेश के 27 जिलों में अलर्ट है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड को इस संकट की घड़ी में हर प्रकार की मदद देने के साथ गंगा नदी के किनारे के जिलों में जिलाधिकारियों व पुलिस प्रमुख को भी मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने भी इस बाबत सिंचाई विभाग के इंजीनियर्स को सभी बांध के गेट खोलने का निर्देश दिया है। उत्तर प्रदेश में गंगा नदी बिजनौर से प्रवेश करती है। इसके बाद बदायूं, बुलंदशहर, हापुड़, कन्नौज, फर्रुखाबाद, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, प्रयागराज से होकर वाराणसी, गाजीपुर तथा बलिया तक बहती है। चमोली के इस हादसे का असर उत्तर प्रदेश में भी होने की आशंका के बीच प्रयागराज के साथ गढमुक्तेश्वर में माघ मेले पर सरकार की खास नजर है। जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए सभी संबंधित लोगों को निर्देशित किया है। हमलोगों ने जिलाधिकारियों से बात कर अलर्ट पर रहने को कहा है। सभी जिलों को अलर्ट कर दिया गया है। सभी अधिकारी काम पर लग गए हैं। लखनऊ में कंट्रोलरूम बनाया गया है।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मिर्च की फसल में पत्ती मरोड़ रोग व निदान

ब्राह्मण वंशावली

ब्रिटिश काल में भारत में किसानों की दशा