जब तक किसानों का विकास नहीं होगा तब तक प्रदेश व देश का विकास संभव नहीं

 कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसानों का जब तक विकास नहीं होगा तब तक किसी भी प्रदेश व देश का विकास संभव नहीं है। प्रदेश के सभी जिलों में मेले के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जा रहा है। सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक दशा में किसानों को मुहैया हो इसके लिए गांवों में कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को किसान सम्मान निधि समेत अन्य योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।


श्री शाही आज यहां जनपद देवरिया के पथरदेवा स्थित आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित 3 दिवसीय विराट किसान मेले में लोगों को  संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और कृषि विभाग द्वारा योजनाओं में महिला कृषकों को वरीयता दी जा रही है। मेले के दूसरे दिन का थीम महिला सशक्तिकरण रहा। देश के संवैधानिक पदों से लेकर थल जल नभ में महिला शक्ति अपने साहस का परिचय दे रही है। अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से आधी आबादी आज हर दिशा और हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने बेटी पढाओं-बेटी बचाओं का नारा ही नहीं दिया बल्कि उसे चरितार्थ कर उन्हें स्वावलंबन, आत्मनिर्भर और सम्मान दिलाने का काम किया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा0 सांसद डॉ रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि सरकार किसानों की खुशहाली चाहती है। जब से देश में मोदी व प्रदेश में योगी के नेतृत्व में सरकार बनी है, तब से विकास कार्यों में तेजी आई है। पिछड़ा वर्ग, गरीब और समाज के सभी लोगों के जीवन में खुशहाली लाना ही सरकार का लक्ष्य है। जब तक किसानों की आमदनी नहीं बढ़ेगी तब तक देश व प्रदेश में खुशहाली नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में कृषि मेले के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जा रहा है। सरकार द्वारा इनकी आर्थिक मजबूती के लिए अनेक योजनाएं चलाई गयी है। जिसका लाभ प्रदेश व देश के किसानों को मिल रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ब्लाक प्रमुख सुब्रत शाही ने कहा कि पथरदेवा में तीन दिवसीय मेले में कृषि, बेसिक शिक्षा, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पशुपालन के साथ ही अन्य विभागो की ओर से क्षेत्रीय लोगों को योजनाओं का लाभ देने के लिए 80 से अधिक स्टाल लगाये गए है। वही गोष्ठी में किसानों को कृषि वैज्ञानिकों द्वारा खेती से जुड़ी जानकारी और आय बढ़ाने का तरीका भी बताया जा रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसानों के उत्थान के साथ जीवन में खुशहाली लाना है, जिसके लिए सरकार कार्य कर रही है।

मिशन शक्ति के तहत क्षेत्राधिकारी निष्ठा उपाध्याय ने मेले में आईं महिलाओं को मिशन शक्ति योजना के बारे में जानकारी देने के साथ ही महिला पावर लाईन 1090 के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अब महिलाओं को चुप नही रहना है। अपनी समस्याओं को बताना है तभी मिशन शक्ति योजना के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलम्बन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम में महानिदेशक प्रसार डॉ0 ए0के0 सिंह, निदेशक भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, श्री ए0पी0 श्रीवास्तव, निदेशक प्रसार आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय डॉ0 ए0पी0 राव, वैज्ञानिक, डियूवीएएस यूनिवर्सिटी मथुरा डॉ0 मुकुल सहित अन्य अधिकारीगण एवं भारी संख्या में पुरूष व महिला कृषक उपस्थित थे।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मिर्च की फसल में पत्ती मरोड़ रोग व निदान

ब्राह्मण वंशावली

ब्रिटिश काल में भारत में किसानों की दशा